गार्ड व कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती
- ईरा इंफ्रा इंजीनियरिंग के गोदाम से बाइक समेत करीब 6 लाख का सामान लूटा
- 25-26 बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम, कंपनी में बनाए जाते हैं ट्रांसफार्मर
अमर उजाला ब्यूरो
जारचा। बिसाहड़ा-प्यावली मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर बनाने वाली ईरा इंफ्रा इंजीनियरिंग कंपनी के गोदाम में 25-26 बदमाशों ने सुरक्षा कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती डाली। बदमाश गोदाम से बाइक समेत करीब 6 लाख रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस को लूटी गई बाइक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे से मिली है।
बिसाहड़ा-प्यावली मार्ग पर ईरा इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी का गोदाम है। कंपनी के साइट इंचार्ज संजय शाह ने बताया कि मंगलवार रात करीब दो बजे चारदीवारी के ऊपर लगे लोहे के तार को काटकर करीब 25-26 बदमाश स्टोर में घुस गए। उन्होंने दो गार्डों के हाथ-पैर बांधकर गेट पर बने कमरे में बंद कर दिया। जबकि कमरे में सो रहे दो कर्मचारियों को कमरे से बाहर निकाला और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद गोदाम में रखे ट्रांसफार्मर को खोलकर तांबा निकाल लिया। बदमाशों ने गार्डों और कर्मचारियों के मोबाइल और उनके पास से 2500 रुपये की नकदी भी लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद बंधक कर्मचारियों ने शोर मचाकर राहगीरों को बुलाया। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उन्हें बंधनमुक्त किया। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना साइट इंचार्ज को दी। साइट इंचार्ज ने पुलिस को सूचित किया। बदमाशों को तलाशने के दौरान पुलिस ने लूटी गई बाइक को बिसाहड़ा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे से बरामद किया है। साइट इंचार्ज ने बताया कि करीब छह लाख रुपये का सामान लूटा गया है। इससे पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है। घटना की तहरीर जारचा कोतवाली में दी गई है। कोतवाली प्रभारी प्रभात चंद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है।
गाड़ी नहीं पहुंची तो बाइक से ले गए सामान
बंधक बनाए गए कर्मचारियों ने बताया कि लूटपाट करते समय एक बदमाश गाड़ी बुलाने के लिए बार-बार फोन कर रहा था। लेकिन सवेरे पांच बजे तक जब गाड़ी नहीं पहुंची। उधर, रास्ते पर लोगों की चहलकदमी शुरू हो गई। लोगों की आवाज सुनकर बदमाशों ने गेट पर लगे ताले को काट दिया और कंपनी की बाइक पर सामान लादकर फरार हो गए। वहीं, बदमाश जल्दबाजी में कुछ उपकरण भी छोड़ गए।