एएसआई को ब्लैकमेल करने वाली महिला गिरफ्तार
फरीदाबाद। पति की बीमारी का बहाना बना मिसिंग सेल में तैनात एक एएसआई से लिफ्ट लेकर दुष्कर्म के आरोप में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाली महिला को एनआईटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने महिला से तीन हजार रुपये बरामद किए हैं।
एनआईटी थाना प्रभारी अर्जुन राठी ने बताया कि आरोपी महिला पलवल की रहने वाली है और उसे पेटीएम ट्रांजेक्शन के आधार पर पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान महिला के खिलाफ कोई और ऐसा मामला नहीं मिला। हालांकि पुलिस का मानना है कि महिला ने ऐसी कई वारदात कर रखी होंगी, मगर शिकायत नहीं होने के कारण कोई मामला दर्ज नहीं है।
29 सितंबर को मिसिंग सेल में तैनात एएसआई चरण सिंह एनआईटी-5 में नीलम चौक के पास जूस पी रहे थे। इस दौरान वहां एक महिला आई और पति की बीमारी का बहाना कर उसे बल्लभगढ़ तक छोड़ने के लिए कहने लगी। पहले तो एएसआई ने मना कर दिया, मगर बाद में महिला के रोने पर उन्होंने उसे कार में लिफ्ट दे दी।
एएसआई का आरोप है कि जैसे ही उनकी गाड़ी राजमार्ग पर पहुंची, तो महिला ने कपड़े फाड़कर उसे दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने उनकी जेब से 20 हजार रुपये, पेटीएम के माध्यम से चार हजार रुपये और फिर पलवल में एटीएम पर ले जाकर 2 हजार रुपये निकलवाए थे।