तीन दिन पहले रखी घरेलू सहायिका चोरी कर फरार
नोएडा। हिंडन विहार इलाके में फ्लैट में काम करने वाली घरेलू सहायिका ज्वेलरी, नकदी व अन्य सामान लेकर भाग गई। पीड़ित ने कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस से मामले की शिकायत की है।
पुलिस के मुताबिक, हिंडन विहार निवासी मनोज गौतम आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं। मनोज के यहां दो साल से रोहिणी काम कर रही थी। करीब एक महीने से वह बीमार है। ऐसे में उसने एक परिचित के माध्यम से पिंकी को तीन दिन पहले ही काम पर रखा था। मनोज रविवार को परिवार के साथ रिश्तेदार के फ्लैट में जागरण में गए थे। घर में पिंकी थी। वह शाम करीब 5 बजे वापस लौटे तो उन्होंने फ्लैट के गेट पर बाहर से कुंडी लगी देखी। वह फ्लैट में दाखिल हुए तो अंदर सारा सामान फैला पड़ा था और पिंकी गायब थी। अलमारी में रखी 40 हजार की ज्वेलरी, 8 हजार रुपये और एक लैपटॉप गायब था। मनोज आरोपी युवती को ढूंढते हुए उसके बरौला स्थित घर पहुंचे तो युवती वहां नहीं मिली। कोतवाली सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि घरेलू सहायिका की तलाश की जा रही है।