तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी कार में टक्कर, एक की मौत, एक घायल
तावडू-नूंह रोड पर बीके क्रेशर के पास हुआ हादसा
घायल को नलहड़ नूंह में कराया गया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
तावडू। तावडू-नूंह रोड पर गांव सिलखो बीके क्रेशर के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने खड़ी कार में टक्कर मार दी। इस घटना में कार सवार दो चचेरे भाइयों में एक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नलहड़ नूंह में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आरोपी अज्ञात चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित सबीब निवासी गांव मेंहदीका थाना चैपानकी जिला अलवर ने बताया कि 5 नवंबर की रात वह अपने भतीजे नवीद (26) व मुनसाद उर्फ मुन्ना (16) के साथ गांव से कार में सवार होकर किसी काम से तावडू जा रहा था। कार को वह स्वयं चला रहा था। पीड़ित ने बताया कि गांव सिलखो बीके क्रेशर के पास पहुंचने पर कार साइड में खड़ी कर सड़क किनारे बनी एक दुकान से वह कुछ खरीदने चला गया। जबकि उसके दोनों भतीजे कार में ही बैठे हुए थे। पीड़ित के अनुसार उसी दौरान विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर तावडू की ओर से आया और साइड में खड़ी कार में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे उसके भतीजे बुरी तरह फंस गए। जिन्हें राहगीर व आसपास के लोगों की मदद से करीब आधे घंटे बाद बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में नूंह सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसके भतीजे नवीद को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर हालत के चलते घायल मुनसाद को नलहड़ नूंह में रेफर कर दिया।
फोटो कैप्शन: टक्कर में क्षतिग्रस्त हुई कार व ट्रैक्टर।