हेडिंग: कंपनी का डाटा चोरी करने वाले दो कर्मचारी गिरफ्तार
पूर्व कर्मचारी को दोनों आरोपी दे रहे थे सूचनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने लीगल कंपनी का डाटा चोरी करने वाले दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों इसी कंपनी के पूर्व कर्मचारी को सूचनाएं दे रहे थे। इनके पास से दो मोबाइल और दो हार्ड डिस्क भी बरामद की गई हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मनोज पंत ने बताया कि सेक्टर-2 की एक लीगल कंपनी का गोपनीय डाटा चोरी हुआ था। इसका मुकदमा थाने पर पंजीकृत था। 1 जुलाई को कंप्यूटर से डाटा चोरी कर लिया गया था। इस मामले में अमित अग्रवाल ने अपने यहां पर काम करने वाले विपिन कुमार निवासी अंतरिक्ष गोल्फ व्यू सेक्टर-78 और उत्कर्ष त्रिपाठी निवासी सी ब्लॉक सेक्टर-26 के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। उनकी तहरीर दोनों के खिलाफ चोरी और आईटी एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने जब उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो दोनों फरार हो गए, लेकिन शनिवार को पुलिस ने उन्हें सेक्टर-2 से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कंपनी ने कुछ महीने पहले एक कर्मचारी उमर अखलाक को निकाल दिया गया था। उसी ने इन दोनों आरोपियों को अपने विश्वास में लिया और डाटा चोरी कर अपने पास मंगवाता था। इन तीनों ंने मिलकर कंपनी को खासा नुकसान पहुंचाया। पुलिस उमर अखलाक की तलाश कर रही है।