हेडिंग: आयकर रिफंड और क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर ठगी
सबहेड : साइबर ठग मेसेज भेजकर कर रहे लोगों को गुमराह
मनोज कुमार
नोएडा। अगर आपके पास आयकर विभाग की ओर से रिफंड के लिए मोबाइल पर मेसेज आया है और उसे अपने खाते में भेजने के लिए लिंक भी दिया गया है या एसबीआई या अन्य किसी बैंक के किसी भी तरह के कार्ड के सत्यापन के लिए मेेसेज आया है तो जरा सतर्क हो जाएं। ठगों ने इस तरह के मेसेज और उनमें लिंक देकर लोगों को ठगने के तरीके निकाले हैं। हाल ही में ऐसे दो मामले सामने आए हैं जिनमें कुल 79 हजार रुपये ठग लिए गए।
--------
केस एक
भंगेल निवासी प्रवीन के मोबाइल पर 23 नवंबर को एक मेसेज आया जिसमें 15,480 रुपये का रिफंड देने की बात लिखी गई थी। प्रवीन का किरायेदारी का काम है और उसे लगा कि जो रिटर्न भरी थी। उसका टैक्स वापस आया है। प्रवीन ने मेसेज में दिए लिंक को ओपन किया और 3 से 4 स्टेप ही पूरे किए थे कि उनका मोबाइल हैंग हो गया। इसके बाद उनके फोन ने काम करना बंद कर दिया। करीब 20 मिनट बाद उनके खाते से 47 हजार रुपये निकल गए। भंगेल स्थित बैंक में गए तो पता चला कि उनके खाते से रुपये किसी खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इसके लिए उनके मोबाइल पर ओटीपी भी गया था। पीड़ित ने मामले की शिकायत फेज-दो में दी थी। अब शिकायत साइबर सेल भेज दी गई है।
------
केस दो
सेक्टर-5 हरौला निवासी विक्रम ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बनवा रखा है। उनके मोबाइल पर एक मेसेज आया कि एसबीआई की ओर से सभी क्रेडिट और डेबिट कार्ड को अपडेट किया जा रहा है। अगर अपडेट नहीं किया तो कार्ड ब्लाक हो जाएगा। विक्रम ने मेसेज में दिए लिंक को ओपन किया और कार्ड नंबर, सीडब्ल्यू नंबर व जन्मतिथि का विकल्प भरकर प्रक्रिया का बटन ही दबाया था कि फोन पर एक और मेसेज आया। इसमें बताया गया कि आपका कार्ड अपडेट हो रहा है और फिर ओके का मेसेज आया, लेकिन इसके चंद सेकेंड बाद 32 हजार रुपये की शॉपिंग करने का मेसेज आया। यह मेेसेज देखकर वह एसबीआई बैंक गए तो उन्होंने क्रेडिट कार्ड के टोल फ्री नंबर पर सूचना देने को कहा पर कोई मद्द नहीं मिली। इसके बाद पीड़ित ने सेक्टर-20 कोतवाली में शिकायत दी है।
---------
मोबाइल पर किसी भी तरह के पैसे या बैंक खाते से संबंधित अगर कोई मेसेज आया है तो उसे जरा सावधानी से ही चेक करें। अगर आपको लगता है कि वह मेसेज समझ में नहीं आ रहा है तो उसे ओपन न करें। काफी लोग इस मेसेज के जरिये ठगे जा रहे हैं। साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके निकाल रहे हैं और इसके लिए सावधानी ही सबसे बड़ा हथियार है।
- अशोक कुमार सिंह, एसपी प्रभारी साइबर सेल