दिल्ली और बुलंदशहर के ध्यानार्थ
बदमाशों ने कांवड़िया बनकर युवक को लूटा
नोएडा। कार सवार बदमाशों ने रात में कांवड़ियों के वेश में एक युवक को लिफ्ट दी और तमंचा दिखाकर 2200 रुपये, मोबाइल और सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद बदमाश उसे सेक्टर-37 के पास फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। उधर, पुलिस का कहना है कि अभी इस तरह की घटना की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के मुताबिक, मयूर विहार निवासी अनूप कुमार आईटी कंपनी में काम करता है। कंपनी का ऑफिस नोएडा एक्सप्रेसवे पर है। वह मूलरूप से बुलंदशहर के सिकंद्राबाद का रहने वाला है। शनिवार को घर जाने के लिए ऑटो पकड़ा। सेक्टर-37 क्षेत्र में ऑटो खराब हो गया। उसी समय एक कार आई, जिसमें दो युवक थे और वह कांवड़ियों के वेश में थे। उन्होंने लिफ्ट ले ली। जैसे ही गाड़ी चली तो एक बदमाश ने तमंचा तान दिया। ब्यूरो
छात्र और युवती का मोबाइल लूटा
नोएडा। बदमाशों ने सेक्टर-63 में छात्र और सेक्टर-62 में युवती का मोबाइल लूट लिया। दोनों थानाक्षेत्रों की पुलिस ने मामलों की शिकायत के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-63 स्थित वाजीदपुर गांव में दिनेश झा किराये पर रहता है और एक इंस्टीट्यूट में बीटेक कर रहा है। रविवार रात को दिनेश सेक्टर-63 के पास से पैदल जा रहा था। उसी समय बाइक सवार बदमाश उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। दूसरी घटना सेक्टर-62 में युवती के साथ हुई। वह दिल्ली में रहती है और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित बैंक में काम करती हैं। शनिवार शाम को फोर्टिस अस्पताल के पास ई-रिक्शा में बैठी थी। कुछ दूरी पर बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।