बिना आईडी के रह रहे 250 बांग्लादेशी चिह्नित
- पहचान पत्र नहीं होने के बावजूद मोबाइल सिम का कर रहे हैं इस्तेमाल
- ग्रेनो में एटीएस की कार्रवाई के बाद खुफिया विभाग ने किया चिह्नित
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। खुफिया विभाग ने जिले में 250 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को चिह्नित किया है। इन सभी लोगों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिले हैं। फिर भी ये सभी स्थानीय मोबाइल सिम लेकर उसका इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस इन सभी के सत्यापन में जुट गई है।
दरअसल, एटीएस ने ग्रेटर नोएडा से दो बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने बैठक की और ऐसे लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। खुफिया विभाग के अधिकारियों ने पिछले 12-14 दिन में ऐसे लोगों को चिह्नित करने का काम शुरू किया था। थानेवार पुलिस ने वेरिफिकेशन के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 250 बांग्लादेशी चिह्नित किए गए हैं। स्थानीय पुलिस के बाद इन लोगों के जिले में रहने की जानकारी अब तक नहीं थी।
जांच में यह बात सामने आई कि इन सभी के पास जिले का कोई आईडी नहीं है मगर फिर भी सिम लेकर धड़ल्ले से फोन प्रयोग कर रहे हैं। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही कि इनके मोबाइल से कहां-कहां बात की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जिन कंपनियों के सेंटरों से मोबाइल सिम जारी किए गए हैं। उनकी भी जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दो सप्ताह पहले बांग्लादेशियों को चिह्नित करने का काम शुरू किया गया था। विभाग की ओर से जिले में ऐसे 250 लोगों को चिह्नित किया गया है। इनका सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही इन सभी को दूसरी जगह जाने से पहले पुलिस को बताने के निर्देश दिए गए हैं। - विनय कुमार इंस्पेक्टर, एलआईयू नोएडा।