डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के आरोप पर मामला दर्ज, मेडिकल जांच में भी हुई पुष्टि
आठ माह पहले फेसबुक पर हुई थी दोनों की दोस्ती, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । इंद्रपुरी इलाके में 28 वर्षीय युवती ने डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल करवाने पर दुष्कर्म की भी पुष्टि हो गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि करीब आठ माह पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती सुबेदार यादव नाम के व्यक्ति से हुई। इसके बाद दोनों में फोन पर भी बातचीत होने लगी। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे मिलने के लिए इंद्रपुरी बुलाया। वहां उसे एक मकान में ले गया और शादी करने की बात कहकर दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी का आश्वासन देकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। जब पीड़िता ने शादी का दवाब बनाया तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया। 13 दिसंबर की शाम पीड़िता ने इंद्रपुरी थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। मेडिकल में मामला दर्ज करवाया। जांच में पता चला कि आरोपी पेशे से डॉक्टर है और निजी क्लीनिक चलाता है।
बच्ची से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, फरार
नई दिल्ली। समयपुर बादली इलाके में 9 साल की बच्ची से पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
बच्ची के माता-पिता फैक्टरी में काम करते हैं। शनिवार दोपहर में बच्ची घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 28 वर्षीय युवक उसके घर में जबरदस्ती घुस गया वारदात को अंजाम दिया। किसी को कुछ भी नहीं बताने की धमकी देकर फरार हो गया। दोपहर बाद बच्ची के परिजन घर पहुंचे तो बच्ची ने उन्हें सारी बात बतायी। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाया। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।