रंगदारी न देने पर कारोबारी
को भरे बाजार पीटा
करोल बाग में वारदात, कनपटी पर पिस्टल लगाकर दी गोली मारने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। करोल बाग इलाके में जींस कारोबारी रितेश शर्मा (29) की कनपटी पर पिस्टल लगाकर बदमाश ने रंगदारी में दो लाख रुपये मांगे। कारोबारी ने डरकर डेढ़ लाख रुपये बदमाश को दे भी दिए। मंगलवार को वह बचे 50 हजार रुपये लेने पहुंचा। मना करने पर उसने रितेश को भरे बाजार बुरी तरह पीटा। उसने फिर रितेश की कनपटी पर पिस्टल लगाई और दो दिन में रुपयों का इंतजाम न करने पर गोली मारने की धमकी देकर चला गया। छानबीन के बाद प्रसाद नगर थाना पुलिस ने केशव कक्कड़ के खिलाफ मारपीट, रंगदारी मांगने, लूटपाट और अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ सब्जी मंडी इलाके में रहने वाले रितेश की पद्म सिंह, देवनगर, करोल बाग में जींस की दुकान है। 20-22 दिन पूर्व एक बदमाश तीन-चार साथियों संग उसकी दुकान पर पहुंचा। आरोपी ने खुद को बड़ा बदमाश बताते हुए नाम केशव कक्कड़ बताया और रंगदारी में दो लाख रुपये मांगे। उसका कहना था कि टैंक रोड के सभी दुकानदार उसे प्रोटेक्शन मनी देते हैं। विरोध करने पर उसने पिस्टल निकालकर रितेश की कनपटी पर लगाई तो उसने डरकर डेढ़ लाख रुपये दे दिए। बाद में रितेश को पता चला कि केशव इलाके का बड़ा बदमाश है और उसने कई कत्ल किए हैं। डरे केशव ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
मंगलवार रात करीब 7:30 बजे केशव फिर रितेश की दुकान पर पहुंचा और बाकी 50 हजार रुपये मांगे। मना करने पर उसने भरे बाजार उसे बुरी तरह पीटा। पड़ोसी दुकानदारों ने घायल रितेश को लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में सूचना पुलिस को दी गई।