चालक को बंधक बना
लूट ले गए ओला कैब
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में तीन बदमाशों ने बुक कराने के बाद ओला कैब में सवार होते ही चालक सियाराम (30) को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। दिल्ली की सड़कों पर काफी देकर कार घुमाने के बाद वे चालक को वजीराबाद के पास उतारकर कार लूट ले गए।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ राजौरी गार्डन इलाके में रहने वाला सियाराम ओला कैब चलाता है। सोमवार देर रात उसके मोबाइल ऐप पर सवारी का संदेश मिला। वह बताई गई जगह राजौरी गार्डन में पिलर नंबर-432 के पास पहुंचा। वहां तीन युवक खड़े थे। मजनूं का टीला जाने की बात कह तीनों कैब में सवार हो गए। कुछ दूर चलते ही एक युवक ने बाथरूम जाने की बात कह कार रोकने को कहा। सियाराम के कार रोकते ही एक युवक नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दी। इसके बाद उसे कार की पिछली सीट पर बंधक बना लिया। काफी देर कार सड़कों पर घुमाने के बाद बदमाश उसे वजीराबाद के पास ले गए। वहां कार रोककर उन्होंने सियाराम का मोबाइल लिया और सिम निकालकर लौटा था। उसे उतारकर बदमाश कैब लेकर चले गए। सियाराम ने एक राहगीर के मोबाइल से पीसीआर को कॉल की। बाद में राजौरी गार्डन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।