कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के लिए उपयोगी
हिमाचल में सैलानियों को
चरस बेचने वाले दो धरे
कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा 1.1 करोड़ का मादक पदार्थ बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने विदेशी सैलानियों को मादक पदार्थ बेचने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी कार में डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 1100 ग्राम चरस (मलाया क्रीम, ग्रीन आइस) बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1.1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त राजीव रंजन के अनुसार, इंस्पेक्टर शिव दर्शन की टीम को नौ दिसंबर को कुल्लू, हिमाचल प्रदेश निवासी सुभेराम उर्फ सौरव ठाकुर (25) और कसोल, हिमाचल प्रदेश निवासी सानू ठाकुर उर्फ तिलक ठाकुर (21) के दिल्ली व राजस्थान में चरस सप्लाई में लगे होने की सूचना मिली। एक सूचना के बाद पुलिस ने चंदगीराम अखाडे़, बाहरी रिंग रोड पर जाल बिछाया और दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। आई-20 कार के डैशबोर्ड में स्पीड मीटर के नीचे छिपाकर रखी गई 1100 ग्राम चरस मिली। आरोपियों ने बताया कि पहले ये हिमाचल प्रदेश में मालाना व कसोल आने वाले सैलानियों को चरस बेचते थे। अब राजस्थान में विदेशी सैलानियों को सप्लाई कर रहे थे। राजस्थान के टोनी और गुरुग्राम के जानू के संपर्क में आने के बाद ये यहां मादक पदार्थ बेचने लगे थे। ये दोनों कासोल जाते रहते थे। आई-20 कार सानू ने खरीदी थी। उसने गांव के ही जितेंद्र से चरस सप्लाई करने के लिए संपर्क किया था। अपराध शाखा ने 9 अक्तूबर को जितेंद्र को गिरफ्तार किया था।