नजफगढ़ में एक युवक ने अपनी दो महिला सहयोगियों के साथ मिलकर एक महिला को बेहोश कर उससे लूटपाट की। बदमाश महिला के जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, लीलावती(50) सपरिवार रोशनपुरा में रहती है। गत शुक्रवार लीलावती खरीदारी करने बाजार गई थी। वहां से लौटने के दौरान उसे करीब 20 वर्षीय युवती मिली। जिसने उससे एटीएम के बारे में पूछा। लीलावती ने मेन रोड पर एटीएम होने की बात कही। थक जाने पर लीलावती कुछ दूर जाकर बैठ गई।
इस बीच एक युवक और एक महिला उस युवती को लेकर लीलावती के पास पहुंची। युवक ने बताया कि युवती के पास पैसे नहीं हैं। उसने लीलावती से उसे कुछ पैसे देने के लिए कहा। लीलावती के मुताबिक बातचीत के दौरान युवक ने उसके मुंह पर रुमाल फेरा।
जिसकी वजह से वह बेहोश हो गई। कुछ देर बाद होश आया तो उसके हाथों से दो सोने के कड़े, चेन और कान की बाली गायब थी। महिला ने तुरंत घटना की शिकायत थाने में की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के बताए हुलिये के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।