नोट: ऊपर की खबर गाजियाबाद के लिए उपयोेगी...
मेट्रो स्टेशन पर विदेशी नागरिक
का बैग चुराने वाला गिरफ्तार
- स्कैनर मशीन से हुई थी बैग की चोरी, सीसीटीवी की मदद से धरा
- आरोपी इनकम टैक्स विभाग में था अनुबंध पर चपरासी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खान मार्केट मेट्रो स्टेशन पर स्कैनर मशीन से स्पेनिश नागरिक का बैग चुराने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान न्याय खंड दो इंदिरापुरम गाजियाबाद निवासी दिलीप कुमार सिंह(37) के रूप में हुई है। वह लक्ष्मी नगर स्थित इनकम टैक्स कार्यालय में अनुबंध पर चपरासी का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से सारा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त रेलवे दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 27 नवंबर को खान मार्केट मेट्रो स्टेशन पर स्पेनिश नागरिक ऑस्कर ने स्कैनर मशीन से बैग चोरी होने की शिकायत की थी। उसने बताया कि बैग में 20 हजार रुपये, 55 यूरो, फोन, पहचान पत्र व अन्य सामान था। नेहरू प्लेस मेट्रो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मेट्रो स्टेशन के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सारा सामान मिल गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिलीप कुमार सिंह लक्ष्मी नगर स्थित इनकम टैक्स कार्यालय में अनुबंध पर चपरासी की नौकरी करता है।