नोएडा के ध्यानार्थ
इंटरनेट से सीखकर नकली नोट बनाता था अफगान का छात्र
पुलिस ने पकड़ा, ग्रेटर नोएडा की एक यूनिवर्सिटी से कर रहा था बीटेक
200 रुपये के नोट से फीचर्स निकाल 2000 के नकली नोट में डालता था
आरोपी बोला-खर्च के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए नकली नोट छापने लगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण जिले की कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने नकली नोट छापने वाले अफगानिस्तान निवासी बीटेक के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। वह 200 रुपये के असली नोट से फीचर्स निकालकर उससे 2000 मूल्य के नकली नोट बनाता था। कई लाख के नकली नोटों को मार्केट में खपा चुका है। आरोपी के कब्जे से 2000 मूल्य के 12 नकली नोट व 90 फटे हुए नोट बरामद हुए हैं। आरोपी ने बताया कि उसके पास खर्च के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए नकली नोट छापने लगा।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार छात्र का नाम हाशमी सैयद मालयार (24) है। वह ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी से बीटेक (कंप्यूटर साइंस) कर रहा था और अंतिम वर्ष का छात्र था। वर्ष 2014 में भारत आया था।
पुलिस टीम ने रविवार को हाशमी को साउथ एक्स के बस स्टैंड से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह 2000 मूल्य के नकली नोट चलाने की फिराक में था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाशमी ने इंटरनेट से नकली नोट बनाना सीखा था। वह लाजपत नगर में रहता था और अपने कमरे में ही नकली नोट बनाता था।
आरोपी 200 के असली नोट से जीरो, हरी पट्टी व वाटर मार्क निकालकर 2000 के नकली नोट में लगाता था। नोट छापने के लिए कलर प्रिंटर का इस्तेमाल करता था। सभी नोटों पर एक ही नंबर 6डीक्यू 549408 डालता था। आरोपी नकली नोटों को ज्यादातर चांदनी चौक, पुरानी दिल्ली व रेलवे स्टेशनों पर चलाता था।