गाजियाबाद के लिए उपयोगी
----------------------
हेडिंग: मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी के आरोपी पर लूट-चोरी के एक दर्जन केस हैं दर्ज
बाइक और पिस्टल बरामद, आरोपी का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। डाढ़ा गोलचक्कर के पास शुक्रवार रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान ट्रोनिका सिटी गाजियाबाद निवासी मुस्तकीम के रूप में हुई है। आरोपी पर एक दर्जन लूट व चोरी के केस दर्ज हैं और वह गाजियाबाद पुलिस का वांछित है।
एसपी देहात विनीत जायसवाल और सीओ निशांक शर्मा के अनुसार, सूचना मिली थी कि ग्रेटर नोएडा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाश वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इस पर ग्रेटर नोएडा और कासना थाने की पुलिस बदमाशों की घेराबंदी में जुट गई। डाढा गोल चक्कर के पास पुलिस ने भाग रहे बदमाशों को रोकने के लिए आवाज दी, लेकिन बदमाश रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें मुस्तकीम पैर में गोली लगते ही जमीन पर गिर गया। जबकि उसका साथी ग्रीन बेल्ट की तरफ बाइक छोड़कर झाड़ियों के बीच से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बाइक व पिस्टल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र से भी एक मामले में कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया हुआ है।