इटावा, यूपी ऑल और एनसीआर के ध्यानार्थ
एमपी-बिहार के अवैध हथियार दिल्ली-यूपी में करता था सप्लाई
एक लाख रुपये का इनामी तस्कर मोहित गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर में 250 से ज्यादा पिस्टल कर चुका है सप्लाई
दक्षिण दिल्ली के बुजुर्ग दंपती की हत्या की साजिश में शामिल था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दक्षिण दिल्ली में रहने वाले बुजुर्ग दंपती की हत्या की साजिश में वांछित व अवैध हथियार तस्कर मोहित वर्मा उर्फ विराट को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। आरोपी मध्यप्रदेश व बिहार से अवैध हथियार लाकर दिल्ली व यूपी के बदमाशों को सप्लाई करता था। इसके कब्जे से स्वचालित पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी ने खुलासा किया है कि वह दिल्ली-एनसीआर में 250 से ज्यादा पिस्टल सप्लाई कर चुका है।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुशवाहा के अनुसार, इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम हथियार तस्कर खासकर मोहित वर्मा के पीछे लगी हुई थी। चार महीने की तफ्तीश के बाद सूचना मिली कि मोहित वर्मा टिंबर मार्केट, कालिंदी कुंज मीठापुर रोड आएगा। पुलिस टीम ने 11 नवंबर को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने पुलिस को देखकर पिस्टल निकाल ली थी, मगर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
दस हजार में खरीदता था पिस्टल, 25 हजार में बेच देता था
मोहित इटावा (यूपी) का रहने वाला है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चार वर्ष से अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा है। एक पिस्टल दस हजार में खरीदता था और 25 हजार रुपये में बेच देता था। वर्ष 2016 में ये हथियार सप्लाई करने के आरोप में फतेहपुर (यूपी) में पहली बार गिरफ्तार हुआ था। जुलाई, 2018 में देवास, मध्यप्रदेश में फिर गिरफ्तार हुआ था।
जीजा के साथ रची थी हत्या की साजिश
मोहित का जीजा आकाश पटेल दक्षिण दिल्ली में रहने वाले बुजुर्ग दंपती के यहां 1990 से नर्सिंग अटेंडेंट की नौकरी करता था। दंपती के पास काफी दौलत है और वह घर में अकेले रहते हैं। आकाश ने मोहित के साथ दंपति की हत्या की साजिश रची। उसने आकाश को पिस्टल दे दी थी, लेकिन इस साजिश की स्पेशल सेल को भनक लग गई थी और आकाश को मई, 2018 में गिरफ्तार कर लिया था। मोहित वर्मा तभी से फरार था।