युवती ने खींच लिया बदमाश का गिरेबान
- फोटो : अमर उजाला
आनंद विहार इलाके में मोबाइल झपटकर बाइक से भाग रहे बदमाश पीड़ित इंजीनियरिंग की छात्रा के साहस के आगे पस्त पड़ गए। दरअसल बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने जैसे ही मोबाइल झपटा पीड़िता ने उसका गिरेबान पकड़कर खींच लिया, जिससे आरोपी असंतुलित होकर नीचे गिर गया।
जब तक वह संभल पाता राहगीरों ने बदमाश की धुनाई शुरू कर दी। मौका पाकर भीड़ के चंगुल से बचकर आरोपी भागने लगा तभी सामने से आ रही पीसीआर पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान सैफ मलिक के रूप में हुई। उसके पास से पीड़िता की मोबाइल के अलावा कई अन्य मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस उसकी निशानदेही पर फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार एजीसीआर एंक्लेव निवासी प्रज्ञा (21) बीटेक की पढ़ाई कर रही है। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पर उतरने के बाद वह पैदल घर जा रही थी। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे।
पीछे बैठे बदमाश ने प्रज्ञा के हाथ से फोन छीनते हुए बोला कि हम मजाक कर रहे हैं। लेकिन प्रज्ञा ने अनहोनी भांपकर बदमाश का शर्ट पकड़कर खींच लिया, जिससे वह नीचे गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और प्रज्ञा के साथ उस बदमाश की धुनाई शुरू कर दी।
चारों तरफ से घिरता देख बाइक चला रहा बदमाश भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को भीड़ के चंगुल से बचाया। तभी मौका पाकर बदमाश भागने लगा। लेकिन सामने से आ रहे पीसीआर कर्मियों ने उसे दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रज्ञा की बहादुरी से एक बदमाश धरा गया है और उसके सहयोगी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।