पिस्टल के बल पर बदमाशों
ने कारोबारी की कार लूटी
- एटीएम से रुपये निकालने के लिए पीड़ित पहुंचा था रोहिणी सेक्टर-24
- हुलिये के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बेगमपुर इलाके में बदमाशों ने पिस्टल के बल पर कारोबारी से स्कॉर्पियो कार लूट ली। घटना के समय कारोबारी एटीएम से रुपये निकालने गया था। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रिठाला निवासी भगत सिंह (31) का अपना कारोबार है। रविवार रात वह स्कार्पियो में पेट्रोल भरवाने के लिए रोहिणी के सेक्टर-24 स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा। इसके बाद वह पास ही स्थित एटीएम से पैसे निकालने के लिए कार से उतरने लगा। इसी दौरान उसके पास एक युवक आया। युवक के हाथ में पिस्टल था। युवक ने पिस्टल उसके पेट पर लगाते हुए जान से मारने की धमकी दी। भगत सिंह चुपचाप स्कॉर्पियो से नीचे उतर गया। इस बीच बदमाश के दो सहयोगी वहां पहुंच गए और दोनों दूसरी तरफ से स्कॉर्पियों में सवार हो गए। जबकि पिस्टल वाला बदमाश ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। इसके बाद कार स्टार्ट कर तीनों बदमाश बवाना की तरफ फरार हो गए। भगत सिंह ने बताया कि कार में उसका मोबाइल फोन भी था। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।