320 ग्राम हेरोइन के साथ शख्स गिरफ्तार
- रूपेश की मौत के बाद तैमूर नगर में ड्रग्स के खिलाफ अभियान
- आरोपी तैमूर नगर से हेरोइन खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में करता था सप्लाई
- एक ग्राम की हेरोइन को 300 रुपये में बेचता था आरोपी, हापुड़ से भी लाता था ड्रग्स
- आरोपी से पूछताछ कर छानबीन में जुटी, आरोपी वहीं तैमूर नगर झुग्गी का रहने वाला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुलिस ने नशे का धंधा करने वाले आरोपी को दबोचा है, जिसकी पहचान अभिजीत मुखर्जी (28) के रूप में हुई है। उसके पास से 320 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपी तैमूर नगर में ड्रग्स के तस्करों से हेरोइन लेकर दिल्ली-एनसीआर के अलावा रेव पार्टियों में सप्लाई करता था। वह हापुड़ से भी हेरोइन लाता था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि पुलिस ने ड्रग्स का धंधा करने वाले के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार शाम को सूचना मिली कि अशोका पार्क, खिजराबाद गांव के पास एक तस्कर ड्रग्स के साथ आने वाला है। लॉयंस आई सेंटर की ओर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोका। आरोपी की पहचान गांधी कैंप, तैमूर नगर निवासी अभिजीत मुखर्जी के रूप में हुई। उसके पास से हेरोइन बरामद की। आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन लेने के बाद उसे एक-एक ग्राम की पुड़िया बनाकर दिल्ली-एनसीआर सहित रेव पार्टियों में बेचता था। आरोपी 12 लाख रुपये किलो के हिसाब से ड्रग्स खरीदता था।