मेरठ के लिये उपयोगी
कैंटर चालक गिरफ्तार, राशन डीलर भी नामजद
पेट्रोल-डीजल चोरी का मामला, वायरल हुआ था वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
रबूपुरा। कैंटर से पेट्रोल और डीजल की चोरी का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने आकलपुर गांव के राशन डीलर और कैंटर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी चालक को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपी रिफाइनरी से पंप जाते समय रास्ते में तेल की चोरी करते थे। जिसका वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया था। वहीं, रविवार को प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में यह गोरखधंधा कई अर्से से चल रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी माफिया के इशारे पर कार्रवाई नहीं की गई। एक अगस्त को यूपी पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। डीजीपी ने प्रदेश के एसएसपी को पत्र भेजकर पेट्रोल पंप व संचालकों की सुरक्षा आदि के निर्देश दिए थे। बावजूद क्षेत्र में यह धंधा चल रहा था।
वर्जन
कैंटर के मालिक गौरव बंसल निवासी मेरठ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चालक राजकुमार उर्फ राजू निवासी रिठानी परतापुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। राशन डीलर नरेश के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि नरेश चोरी के डीजल में केरोसिन मिलाकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री करता है।
विनय प्रकाश सिंह, रबूपुरा थाना प्रभारी