ढाई साल की बच्ची की दुष्कर्म
के बाद हत्या का आरोप
- हैबतपुर गांव में 6 जून को मिला था शव, चोट के थे निशान
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। 6 जून को बिसरख कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव में ढाई साल की बच्ची की हत्या के मामले में पीड़ित पिता ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। सीएम के दरबार में शिकायत कर पीड़ित ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर छोड़ दिया था।
मूल रूप से संभल जिला निवासी पीड़ित ने बताया कि वह ग्रेनो वेस्ट में पत्नी, पांच बेटियों और दो बेटों के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसे यहां आए 15 दिन ही हुए थे कि उसकी ढाई साल की बच्ची 5 जून की रात लापता हो गई। 6 जून को बच्ची का शव घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर एकांत स्थान पर पड़ा मिला। बच्ची की एक आंख गायब थी और शव की हालत से दुष्कर्म का अंदेशा हो रहा था। पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़कर मामले का खुलासा किया था। पुलिस का कहना था कि पड़ोस में रहने वाला किशोर पोर्न फिल्म देखता था। उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाकर छेड़छाड़ की और रोने पर उसकी हत्या कर दी। पीड़ित पिता का कहना था कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी किशोर के रिश्ते का भाई पहले आगे जाता दिखाई दिया था। इसके बाद आरोपी बच्ची के साथ जाता दिखा। दोनों को पुलिस ने पकड़ा, लेकिन बाद में एक को छोड़ दिया। इस संबंध में सीओ निशांक शर्मा का कहना है कि यह बिसरख क्षेत्र में उनकी तैनाती से पूर्व का मामला है। बच्ची के पिता के आरोपों की जांच कराई जाएगी।