झज्जर (हरियाणा) के ध्यानार्थ (दो वाहन चोर काबू, वैन बरामद)
अवैध हथियार के साथ तीन धरे
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन में तैनात कर्मियों ने भारत नगर में अवैध हथियार रखने वाले तीन युवकों को पकड़कर स्थानीय थाने के हवाले कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। युवकों की पहचान संगम पार्क निवासी आदिल, साकिब और राणा प्रताप बाग निवासी मयंक के रूप में हुई। पीसीआर के पुलिस उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि 20 सितंबर की रात को पीसीआर वैन में तैनात पुलिसकर्मी संगम पार्क में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक कार को रोका। कार में तीन युवक थे। पुलिसकर्मियों ने युवकों की तलाशी ली। उनके पास से एक पिस्टल और दो कारतूस मिले। ब्यूरो
कैब चालक को लूटने वाले दो गिरफ्तार
नई दिल्ली। मंडावली थाना पुलिस ने कैब चालक से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल और 560 रुपये बरामद किए हैं। जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों की पहचान लाडो सराय निवासी आयुष और वेस्ट विनोद नगर निवासी दिव्यांक गौतम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को बाइक सवार बदमाशों ने अक्षरधाम के पास कैब चालक रवि दिवाकर से मारपीट कर लूटपाट की थी। ब्यूरो
दो झपटमार पकड़े गए, मोबाइल बरामद
नई दिल्ली। नजफगढ़ थाना पुलिस ने दो झपटमारों को गिरफ्तार किया है। 20 सितंबर को बाइक सवार बदमाशों ने अर्जुन पार्क के पास ई-रिक्शा सवार एक महिला से मोबाइल झपट लिया था, लेकिन पीड़िता ई-रिक्शा से उतरकर बदमाशों का पीछा करने लगी। हड़बड़ाहट में बदमाशों की बाइक बंद हो गई। एक बदमाश बाइक से उतरकर भागने लगा। पीड़िता ने लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। दूसरा बदमाश फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान बापरौला निवासी दीपक के रूप में हुई। उसके पास से पीड़िता का मोबाइल मिल गया। बाद में पुलिस ने दूसरे बदमाश प्रिंस को भी गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो
दो वाहन चोर काबू, वैन बरामद
नई दिल्ली। नजफगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान कैरा निवासी सुनील और झज्जर (हरियाणा) निवासी शक्ति के रूप में हुई है। उनके पास से एक वैन बरामद हुई, जिसे द्वारका नॉर्थ से चुराया था। ब्यूरो