महिला के बयान फिर से दर्ज करेगी अपराध शाखा
एसीपी पर दुष्कर्म और पोक्सो का मामला
केस की फाइल अपराध शाखा को मिली
आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म व पोक्सो मामले की फाइल अपराध शाखा को मिल गई है। अपराध शाखा की साइबर सेल मामले की जांच करेगी। अपराध शाखा के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि सबसे पहले महिला के बयान फिर से दर्ज किए जाएंगे और विस्तार से पूरे मामले को जाना जाएगा।
अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि आरोपी एसीपी रमेश दहिया को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इस मामले में पहले रमेश दहिया के खिलाफ सुबूत एकत्र किए जाएंगे, इसके बाद ही गिरफ्तारी आदि कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सदर बाजार में रहने वाली एक महिला ने एसीपी रमेश दहिया के खिलाफ सदर बाजार थाने में दुष्कर्म, पोक्सो व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। रमेश दहिया सदर बाजार थानाध्यक्ष थे। इसके बाद मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई।