बुजुर्ग इंजीनियर को हनी ट्रैप में
फंसा कई लाख रुपये की ठगी
- क्राइम ब्रांच ने शिकायत मिलने के बाद एक महिला समेत दो को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूूरो
नई दिल्ली। एक समलैंगिक बुजुर्ग इंजीनियर को हनी ट्रैप में फंसाकर उससे कई लाख रुपये की ठगी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मैन टू मैन मसाज के नाम पर बुजुर्ग का अश्लील फोटो और वीडियो बनाया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर उससे उगाही की। पीड़ित ने क्राइम ब्रांच में इसकी शिकायत की। पुलिस इस मामले में शामिल एक महिला की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शादाब के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित समलैंगिक ने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रखी है। उसका पटपड़गंज औद्योगिक इलाके में अपना कारोबार है। उसने एक सोशल साइट पर मैन टू मैन मसाज सर्विस का विज्ञापन देखा था। पीड़ित ने उस पर फोन कर शादाब नाम के एक शख्स से संपर्क किया और प्रीत विहार इलाके में उससे मिला। बुजुर्ग 8 सितंबर को शादाब के बुलावे पर वैशाली सेक्टर-एक स्थित बुक कराए गए कमरे पर गया। बदले में बुजुर्ग ने उसे 10 हजार रुपये दिए।
दूसरी बार इंजीनियर 18 सितंबर को मसाज के लिए वैशाली स्थित कमरे पर गया। अचानक कमरे में दो महिलाएं पहुंची। महिलाओं ने उसके कपड़े, पर्स, फोन और घड़ी छीन ली और उसकी पिटाई शुरू कर दी। एक महिला उसे रेप की धमकी देने लगी तो दूसरी ने उससे 10 लाख रुपये की मांग की। बुरी तरह फंसे इंजीनियर ने ब्रीफकेस से एक लाख रुपये और घर से दो लाख रुपये मंगाकर महिलाओं को दे दिए। आरोपी महिलाओं ने पीड़ित से लाखों रुपये के एक-एक चेक भी लिए। उसके बाद महिलाओं ने उसे फोन कर और पैसे की मांग की। रुपये नहीं देने पर वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर परेशान करने लगे। उसके बाद पीड़ित ने पुलिस में इसकी शिकायत की।