घोषित बदमाश की जांच करने पहुंचे पुलिस टीम पर पथराव
-एक बदमाश ने पहले पुलिस पर किया हमला, पुलिस ने जब पकड़ा तो परिवार वालों ने कर दिया पथराव
अमर उजाला ब्यूूरो
नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में घोषित बदमाश की तलाश में पुलिस पहुंची तो आरोपी ने हमला कर दिया। जब पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया तो परिजनों ने पथराव कर सरकारी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। आरोपी परिजनों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शाहबाद डेयरी थाने में तैनात सिपाही कृष्ण अपने सहयोगी एएसआई कुलदीप सिंह, हवलदार देवेंद्र कुमार और सिपाही काजोदमल के साथ घोषित बदमाशों की तलाश में निकले। इसी बीच डीटीयू कॉलेज के पास कुछ बदमाशों के बारे में जानकारी मिली। रात करीब साढ़े नौ बजे सेक्टर 17 के पास पुलिसकर्मियों को सुभान नाम का घोषित बदमाश हत्थे चढ़ा। पुलिसकर्मियों ने उससे बदमाश अशोक के बारे में पूछताछ की तो वह भड़क गया। उसने कृष्ण पर हमला कर दिया। फिर ईंट उठाकर खुद का सिर फोड़ लिया और सिपाही काजोदमल के सिर पर ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर उसके परिवार वाले पहुंचे और पुलिसकर्मियों पर पथराव करने लगे। इस दौरान आरोपी भीड़ को उकसाने लगे। पुलिसकर्मी किसी तरह सुभान को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सिपाही के बयान पर मामला दर्ज कर सुभान को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके परिवार वालों की तलाश कर रही है।
--------
कारोबारी के बैग से कट्टा और कारतूस बरामद
नई दिल्ली। साकेत मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ ने एक यात्री के बैग से कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है। यात्री को घिटोरनी मेट्रो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान मुजफ्फनगर निवासी गोविंदा के रूप में हुई है। वह संगम विहार में रहता है। उसका कपड़ों का कारोबार है।