आपसी रंजिश में युवक को गोली मारी
- छर्रे लगने से युवक घायल, लोगों ने एक आरोपी को दबोचकर पीटा
- आरोपी व पीड़ित के बीच चली आ रही है रंजिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में शुक्रवार रात आपसी रंजिश में दो युवकों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी, जबकि दूसरा आरोपी मौके से भाग गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर मौके से पकड़े गए आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान साबिर अली निवासी डी ब्लॉक जहांगीरपुरी के रूप में हुई है। शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दो युवकों ने साबिर को गोली मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, लोगों द्वारा पकडे़ गए आरोपी विकास को पुलिस ने काबू कर लिया। वह मुकुंदपुर इलाके का रहने वाला है। मौके से फरार साथी की पहचान अक्षय के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साबिर और विकास के बीच काफी अरसे से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही है। साबिर की हत्या की नीयत से विकास ने उस पर गोली चलाई थी। साबिर छर्रे लगने से वह घायल हो गया। पुलिस विकास के सहयोगी अक्षय की तलाश कर रही है। साथ ही विकास से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन लोगों के पास हथियार कहां से आया।