नोट: खबर मेरठ के लिए भी उपयोगी है
डॉक्टर को अगवा करने का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
- प्रीत विहार स्थित मेट्रो अस्पताल के डॉक्टर को अगवा कर पांच करोड़ की फिरौती मांगने का मामला
- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 50 हजार के इनामी को आईएसबीटी कश्मीरी गेट के पास से दबोचा
- 7 जुलाई 2017 को ओला कैब से कर लिया था डॉ. श्रीकांत गौड़ को अगवा, तभी से था फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रीत विहार इलाके से मेट्रो अस्पताल के डॉक्टर श्रीकांत गौड़ को अगवा कर पांच करोड़ की फिरौती मांगने के एक और आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। 50 हजार के इनामी इस बदमाश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसबीटी के पास से दबोचा है। आरोपी की पहचान गांव दादरी, मेरठ निवासी हर्ष उर्फ गौरव शर्मा (28) के रूप में हुई है। आरोपी एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपी बीफार्मा का छात्र था और प्रेम विवाह किया है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि 7 जुलाई 2017 को प्रीत विहार स्थित मेट्रो अस्पताल के डॉक्टर श्रीकांत गौड़ ने दक्षिण दिल्ली स्थित अपने घर जाने के लिए ओला कैब ली। कैब चालक व उसके साथियों ने मिलकर श्रीकांत को अगवा कर लिया। बाद में कैब कंपनी से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। वारदात के 12 दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद श्रीकांत को मेरठ से सकुशल मुक्त करा लिया। मुख्य आरोपी सुशील समेत सात आरोपियों को पुलिस पहले ही दबोच चुकी है। पुलिस आयुक्त ने हर्ष की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।