मुरादाबाद के लिए भी:::
रुपये के लेनदेन में ठेकेदार की चाकू से गोदकर हत्या
- परिचित ने अपने दोस्तों के साथ दिया वारदात को अंजाम
- चश्मदीद के बयान पर मामला दर्ज, अमन विहार में हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अमन विहार इलाके में रुपये के लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी में युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चप्पल बनाने वाली फैक्टरी के ठेकेदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। शव की शिनाख्त नसीब के रूप में हुई है। पुलिस ने चश्मदीद के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार राजेंद्र सैनी (26) मूलत: यूपी के रामपुर स्थित गंगापुर मोहल्ला, सिविल लाइंस में रहता है। 19 अगस्त को वह काम की तलाश में दिल्ली आया। नांगलोई स्टेशन पर उसकी मुलाकात नसीब और प्रवीण नाम के व्यक्ति से हुई। नसीब ने बताया कि वह सेक्टर-17 बहादुरगढ़ स्थित एक चप्पल बनाने की फैक्टरी में ठेकेदारी करता है। प्रवीण भी वहीं काम करता है और दोनों कविता कालोनी नांगलोई में रहते हैं। नसीब ने राजेंद्र को अपने साथ काम करने और साथ रहने के लिए कहा।
राजेंद्र के मुताबिक रविवार रात तीनों बहादुरगढ़ से ड्यूटी के बाद नांगलोई स्टेशन से अपने घर जा रहे थे। तभी राजेंद्र लघुशंका करने लगा। इसी बीच प्रवीण ने उसे रुपये देने के लिए कहा। नसीब ने बताया कि उसे फैक्टरी से रुपये नहीं मिले हैं। इस बात को लेकर प्रवीण और नसीब के बीच कहासुनी हो गयी। प्रवीण के कुछ दोस्त वहां पहुंच गए और नसीब के साथ मारपीट करने लगे। राजेंद्र जब तक बीच बचाव करता एक आरोपी ने नसीब के कूल्हे और जांघ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया और भाग गए। राजेंद्र नसीब को जख्मी हालत में पास के क्लीनिक में ले गया, जहां डॉक्टरों ने टांके लगाकर उसे बड़े अस्पताल में ले जाने के लिए कहा। खून से सने कपड़े को राजेंद्र ने वहीं खोल दिया और फिर नसीब को घर लाकर उसे अपना पेंट पहनाया। उसके बाद राजेंद्र नसीब को संजय गांधी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने राजेंद्र के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।