थाने में शिकायत मिलने का झांसा देकर
फर्जी पुलिसकर्मियों ने कारोबारी को लूटा
- थाने ले जाने की बात कह अपनी स्कूटी पर बिठाया
- रास्ते में लूटने के बाद घंटों घुमाकर जनकपुरी के छोड़कर भागे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके में फर्जी पुलिसकर्मियों ने एक कारोबारी को उसके खिलाफ थाने में शिकायत मिलने की बात कहकर अपने साथ स्कूटी पर घुमाया और फिर उससे 35 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नागेंद्र (36) सपरिवार उत्तम नगर में रहते हैं। उनका चांदनी चौक में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान है। बुधवार रात वह भगवती गार्डन से ई-रिक्शा लेकर अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में स्कूटी सवार दो लोगों ने ई-रिक्शा रुकवाया और नागेंद्र से कहा कि उनके खिलाफ थाने में शिकायत आई है। एक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। बदमाशों ने उन्हें अपनी स्कूटी पर बैठकर थाने चलने के लिए कहा। नागेंद्र ने अपने परिवार वालों से बात करने की बात कही तो बदमाशों ने कहा कि उन्हें बोल दो कि उत्तम नगर थाने में एसआई दिलबाग से रूम संख्या 204 में आकर मिले। परिवार वालों से बातचीत करवाने के बाद आरोपियों ने कारोबारी से नकदी और दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद उसे स्कूटी पर घुमाते रहे। फिर जनकपुरी के पास सुनसान मिलने पर नागेंद्र से लघुशंका कर वापस आने के लिए कहा। नागेंद्र जैसे ही स्कूटी से उतरे बदमाश अपनी गाड़ी लेकर भाग गए। उधर, परिवार उत्तम नगर थाने पहुंचकर एसआई दिलबाग के बारे में पूछताछ तो पता चला कि इस नाम का थाने में कोई पुलिसकर्मी नहीं है और न ही कमरा नंबर 204 है। कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस से की। मामला बिंदापुर इलाके का होने के कारण बिंदापुर थाना पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बताए हुलिए और घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाश की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।