द्वारका के अक्षरधाम अपार्टमेंट के पास मृत मिले तीन कुत्ते
- जहर देकर मारने की आशंका, पुलिस ने शरारती तत्व पर जताया शक
- इससे पूर्व भी कारगिल अपार्टमेंट में मिले थे सात कुत्ते के पिल्ले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-19 इलाके के अक्षरधाम अपार्टमेंट के पास तीन लावारिस कुत्ते मृत अवस्था में मिले हैं। कुत्तों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि शरारती तत्वों ने कुत्तों को जहर देकर मारा है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस छानबीन में जुटी है।
पुलिस को बुधवार को सूचना मिली कि अक्षरधाम अपार्टमेंट के पास तीन कुत्ते मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों कुत्तों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुत्तों के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। आशंका है कि इन्हें जहर देकर मारा गया है। पिछले दिनों भी द्वारका के कारगिल अपार्टमेंट में सात पिल्ले मृत पाये गये थे। उनके शरीर पर चाकू के निशान मिले थे। पुलिस अभी इस मामले की जांच कर ही रही है कि अब अक्षरधाम अपार्टमेंट में तीन कुत्तों की मौत का मामला सामने आ गया। पुलिस ने अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों से अपील की है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही पुलिस को इसकी सूचना दें।
------
कार सवार बदमाशों ने अकाउंटेंट से लूटी बाइक
नई दिल्ली। शकरपुर इलाके में बुधवार रात बदमाशों ने अकाउंटेंट से बाइक लूट ली। पीड़ित कुछ दूर पहुंचने पर बदमाशों को पत्थर से निशाना बनाने की कोशिश की तो बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गौरव राजपूत (29) सपरिवार विश्वास नगर में रहते हैं। वह निजी कंपनी में अकाउंटेंट है। बुधवार रात करीब 12 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। तभी मेट्रो पिलर संख्या-45 के पास वह बाइक रोककर फोन पर बात करने लगे। तभी सेंट्रो कार सवार तीन बदमाश पहुंचे और दो बदमाश कार से बाहर निकलकर गौरव से चाबी छीनने लगे। विरोध करने पर एक ने गौरव पर पिस्टल तान दी। गौरव बाइक छोड़कर वहां से कुछ दूर चला गया और एक पत्थर से उठाकर बदमाशों पर फेंका। गुस्साए बदमाश ने चार राउंड गोली चलाई और बाइक लेकर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।