सेना के कैप्टन की कार लूटने वाले तीन पकड़े
द्वारका सेक्टर-23 से दबिश के दौरान हुई मुठभेड़
फिंगर प्रिंट की मदद से बदमाशों तक पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सियाचिन में तैनात कैप्टन मुकुल वर्मा से कार लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद द्वारका सेक्टर-23 से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान विपिन गार्डन निवासी अनिल (22), मोहन गार्डन निवासी अश्वनी राजौरा (29) और साहिल (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन कार, छह बाइक, लूटी गई बंदूक, एक पिस्टल, दो कट्टा, दस कारतूस, नौ मोबाइल, एक डीवीआर और आर्टिफिशियल गहने बरामद किए हैं। अनिल और साहिल पर पहले से झपटमारी के कई मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि 21 अगस्त की रात कैप्टन वर्मा ने अपनी निशान माइकरा कार लूटने की शिकायत की थी। जांच के दौरान पुलिस को मेहराम नगर में उनकी कार पंचर हालत में मिली। वहां पता चला कि तीन बदमाशों ने यहां से एक रिट्ज कार लूटी है। इसके बाद बदमाशों ने मादीपुर में रिट्ज को छोड़कर स्विफ्ट कार लूट ली। इस जानकारी पर ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) ने स्विफ्ट का पीछा किया। बदमाश उसे द्वारका नॉर्थ में छोड़कर फरार हो गए।
---
फिंगर प्रिंट से पकड़े गए बदमाश
पुलिस ने कैप्टन की कार अलावा अन्य कार से फिंगर प्रिंट लेकर अपने डाटा बैंक से मिलान किया तो साहिल का फिंगर प्रिंट मैच कर गया। साहिल को पकड़े के लिए पुलिस ने द्वारका में 800 घरों की तलाशी ली। बुधवार तड़के 4 बजे पुलिस ने द्वारका सेक्टर-23 स्थित एक घर पर दबिश दी। जहां मुठभेड़ के बाद तीनों को दबोच लिया गया। साहिल रेडिसन ब्लू होटल में पेस्ट्री डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था।