दिल्ली, आगरा सहित अन्य के ध्यानार्थ
---------
हेडिंग: चालकों को बंधक बनाकर दो कैब लूटीं
यमुना एक्सप्रेसवे पर चालक को एक्सप्रेसवे पर फेंककर कैब ले गए
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा/दनकौर। कैब बुक कराकर लूटने का सिलसिला जारी है। हाल ही में पुलिस ने दो कैब लूटने के मामले सुलझाए हैं। अब कासना कोतवाली क्षेत्र में पी-3 सेक्टर के पास चालक से कैब लूटने का मामला सामने आया है। वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे पर भी बदमाशों ने हथियारों के बल पर इनोवा कार लूट ली। इस तरह से बदमाशों ने 12 दिन में क्षेत्र में चार कार लूटने की वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार, दरियागंज दिल्ली निवासी विवेक अग्रवाल ट्रेवल एजेंसी संचालक हैं। उनका दिल्ली के ही ईस्ट ऑफ कैलाश में कार्यालय है। पुलिस को दी शिकायत में विवेक ने बताया है कि दो दिन पहले उनके इनोवा चालक के पास एक युवक का मेंहदीपुर के बालाजी जाने के लिए फोन आया था। इसके बाद 7500 रुपये में इनोवा बुक की गई। युवक ने खाते में 500 रुपये एडवांस भी दे दिए। चालक ने विवेक को भी फोन करके बुकिंग की जानकारी दे दी। सोमवार दोपहर जामिया गेट के पास युवक ने इनोवा चालक को गाड़ी लेकर बुला लिया। यहां से पांच युवक गाड़ी में बैठकर दिल्ली से चल दिए। आरोप है कि युवकों ने बालाजी, मथुरा और वृंदावन घूमने के बाद चालक को रास्ते में कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ डालकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में आते ही चालक को बंधक बना लिया गया। सोमवार देर रात बदमाशों ने चालक को यमुना एक्सप्रेसवे पर दनकौर क्षेत्र में टोल के पास फेंक दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने जीपीएस भी यहां निकालकर फेंक दिया। चालक ने जैसे-तैसे टोल कर्मी के पास जाकर एजेंसी संचालक और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पी-3 सेक्टर से चालक को अगवा कर एक्सप्रेसवे पर फेंका
लोनी निवासी नीलू मावी अपनी कार कैब के रूप में चलाता है। नीलू ने कासना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सोमवार रात चार लोगों ने एटीएस गोलचक्कर से बॉटेनिक गार्डन के लिए कैब बुक कराई थी। नीलू चारों को स्विफ्ट डिजायर में लेकर पी-3 के पास पहुंचा था, तभी दो बदमाशों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने मारपीटकर उसे कैब की पिछली सीट के नीचे डाल दिया। इसके बाद आरोपियों ने एक्सप्रेसवे पर एडवांटा बिल्डिंग के पास पहुंचकर चालक को फेंक दिया और कैब व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस को कैब की अंतिम लोकेशन सेक्टर-127 के पास मिली थी। पुलिस कैब कंपनी से लोकेशन का पता लगवाकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
------------------
पुलिस बोली, मथुरा में लूटी इनोवा
कोतवाल फरमूद अली का कहना है कि इनोवा लूटने के मामले में पीड़ित संचालक ने पांच बदमाशों के खिलाफ शिकायत दी है। जानकारी मिल रही है कि कार मथुरा में लूटी गई है। चालक वहां से ऑटो में बैठकर दनकौर क्षेत्र पहुंचा है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, कासना कोतवाली एसएसआई यतेंद्र कुमार ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर लूटने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।