पिस्टल के बल पर चालक को अगवा कर कार लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । विकासपुरी इलाके में बदमाशों ने निजी कंपनी के चालक को हथियार के बल पर अगवा कर क्रेटा कार लूट लिया। चालक को खेत में फेंककर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक उत्तम नगर, मंशाराम पार्क निवासी कंवरपाल (42) पश्चिम विहार में स्थित एक कंपनी का क्रेटा कार चलता है। सोमवार शाम वह कंपनी के निदेशक संजय गुप्ता को लेकर डिस्ट्रिक्ट सेंटर जनकपुरी आया था। निदेशक डिस्ट्रिक्ट सेंटर स्थित एक कार्यालय में चले गए। जबकि कंवरवाल उसे उतारने के बाद वह कार को रिंग रोड पर पार्क कर दिया। रात करीब 11:30 बजे वह कार के सामने खड़े होकर निदेशक के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान चार बदमाशों ने चालक को पिस्टल के बल पर कब्जे में कर लिया। उसे पीछे की सीट पर बैठाकर दो बदमाश उसके अगल बगल में बैठ गए। काफी देर घूमने के बाद बदमाश उसे हिरणकुंदना गांव के पास खेत में फेंककर फरार हो गए।