दुकानदार को पीटकर किया घायल
दनकौर। बिलासपुर कस्बे में शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने को लेकर दो गुटों में विवाद के बाद हुई मारपीट में एक गुट के विक्रेता को काफी चोट आई है। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़ित ने तीन आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दी है। बिलासपुर निवासी रिजवान ने बताया कि वह साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाता है। उसका आरोप है कि उसकी जगह पर किसी अन्य ने दुकान लगा ली। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने मिलकर उसको डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। ब्यूरो
बैंक में जेब से 25 हजार उड़ाए
दनकौर। कस्बे के एक बैंक में कैश जमा करने आये एक व्यक्ति की जेब से एक चोर ने 25 हजार रुपये उड़ा लिए। वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। क्षेत्र के कनारसी गांव निवासी श्रीपाल ने बताया कि वह 6 अगस्त को कस्बे के एक बैंक में कैश जमा करने आए थे। जब वह खड़े होकर कैश जमा कराने के लिए लाइन में लगे हुए थे। उसी दौरान उनके पीछे खड़े हुए एक चोर ने उनकी जेब से 25 हजार रुपये चुरा लिए, जिसकी जानकारी पीड़ित को उस वक्त हुई जब उसने कैश जमाने करने के अपनी जेब में हाथ डाला। पीड़ित का कहना है कि वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। ब्यूरो