देवरिया, मुजफ्फरनगर, संभल के ध्यानार्थ
गर्लफ्रेंड के लिए लूटते थे मोबाइल, चार गिरफ्तार
- 20 मोबाइल फोन, एक बाइक और एक स्कूटी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात जगत फार्म टी-प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो युवकों ने तीन से चार महंगे मोबाइल लूटकर अपनी गर्लफ्रेंड को दिए थे। उनकी पहचान मूलरूप देवरिया निवासी अमित कुमार, मुजफ्फरनगर निवासी अजीत, सहरसा निवासी शहजाद और संभल निवासी सफी के रूप में हुई है। चारों के कब्े से 20 मोबाइल फोन, एक बाइक, एक स्कूटी और एक तमंचा और दो चाकू बरामद हुए हैं।
बुधवार को कासना कोतवाली में पुलिस उपाधीक्षक प्रथम ग्रेटर नोएडा अमित कुमार श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सीओ अमित कुमार ने बताया कि चारो आरोपी दिल्ली-एनसीआर में कई वर्षों से वारदात करते आ रहे थे। इनमें से अमित और अजीत पहले भी लूट के मामले में नोएडा में गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
चारों आरोपी कम पढ़े लिखे हैं लेकिन इनमें से अमित और अजीत लूट के बाद महंगे मोबाइल अपनी गर्लफ्रेंड्स को दे देते थे। इनमें से अमित ने अपनी गर्लफ्रेंड को तीन से चार मोबाइल दे रखे थे।