बाइक सवार बदमाशों ने दूध व्यापारी को गोली मारी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। नगर के जीटी रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने दूध व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है।
पुलिस ने बताया कि नगर के मोहल्ला नई आबादी निवासी शौकीन पुत्र शौकत दूध का कारोबार करता है। रविवार रात वह बाजार की तरफ से पैदल अपने घर जा रहा था। आरजी गार्डन फार्म हाउस के पास सड़क पार करते समय बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुन आसपास के लोग भी आ गए। गोली मारने वाले बदमाश गांव चिटहेरा की तरफ फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने रात में जीटी रोड व अन्य मार्गों पर वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी लेकिन पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी।
- दो सप्ताह में तीन लोगों को मारी गोली
दादरी कोतवाली क्षेत्र के तहत जीटी रोड पर दो सप्ताह के भीतर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर तीन लोगों को घायल किया है। जिससे इनका आतंक बढ़ता जा रहा है। इन घटनाओं के बाद भी पुलिस अभी बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस दौरान सबसे पहले बुजुर्ग फैयाज को गोली मारी गई। उसके बाद मीट व्यापारी के बेटे फैजान को गोली मारी गई। दोनों घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई और रविवार रात फिर गोली मारने की घटना से नगर के लोगों में दहशत है।
प्रभारी निरीक्षक मुनीष चौहान का कहना है कि गोली मारने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगी है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।