फसल पर ट्रैक्टर चलाकर जमीन हड़पने का आरोप
दादरी। दादरी कोतवाली क्षेत्र के चिटहेरा गांव के पास शुक्रवार रात ज्वार की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर जमीन पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। फसल नष्ट होने और कब्जे की तहरीर पीड़ित ने कोतवाली में दी हैै। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, चिटहेरा माजरे में सारिका विहार कालोनी के पास स्वामी राम पुत्र रामफल की जमीन है। रामफल ने ज्वार की फसल बो रखी थी। आरोप है कि एक कालोनाइजर ने जमीन पर कब्जा करने के मकसद से कुछ लोगों के साथ जमीन की चारों तरफ से चारदीवारी तोड़ दी। साथ ही ट्रैक्टर चलाकर फसल नष्ट कर दी। पीड़ित किसान का आरोप है कि जबरन जमीन लेने के लिए कालोनाइजर काफी दिन से दबाव बना रहा था। ऐसे नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। वहीं, प्रभारी निरीक्षक मुनीष चौहान का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो