नोट : खबर हरदोई, यूपी के लिए भी उपयोगी है
मंडोली जेल में कैदी ने फंदा लगाकर दी जान
- पुलिस को मृतक के पास से नहीं मिला सुसाइड नोट, परिजनों से पुलिस कर रही पूछताछ
- 2015 से लूटपाट के एक मामले में बंद था आरोपी, 2017 में हो गई थी सात साल की सजा
- परिजनों ने आरोपी से मिलना छोड़ दिया था, पुलिस को शक इसी से हताश होकर उठाया आत्मघाती कदम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हर्ष विहार स्थित मंडोली जेल में कैदी ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की शिनाख्त गांद बुंदापुर, हरदोई, यूपी निवासी पवन कुमार (27) के रूप में हुई है। उसे लूटपाट के मामले में सात साल की सजा हुई थी। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि परिजनों ने पवन से जेल में मिलना जुलना बंद कर दिया था, इससे वह काफी हताश था। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक पवन अपने परिवार के साथ हरदोई में रहता था। वर्ष 2015 में दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने पवन को गिरफ्तार किया था। 2017 में कोर्ट ने पवन को सात साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद वह मंडोली जेल नंबर-15, सेल नंबर-3 में बंद था।
मंगलवार सुबह कैदियों ने उसे अपने सेल के दरवाजे की ग्रिल में चादर से फंदा बनाकर लटके हुए देखा। सुबह 9.15 बजे मामले की सूचना हर्ष विहार थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। मामले की मजिस्ट्रेट कराई जा रही है।