अपहृत युवती के परिजनों से मांगी पांच लाख की फिरौती
ग्रेटर नोएडा। मिलकलच्छी गांव निवासी एक युवती दो माह से लापता है। परिजनों ने आरोपियों पर पांच लाख रुपये फिरौती मांगने का आरोप लगाया है और अनहोनी की आशंका जताते हुए आला अधिकारियों से शिकायत की है।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के मिलकलच्छी गांव निवासी रणवीर ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, एसएसपी आदि को भेजी गई शिकायत में कहा है कि उसकी भतीजी का 5 मई को अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में बिसरख कोतवाली में आशीष, सुहैल और विमल तिवारी पर केस दर्ज है। पुलिस ने युवती की बरामदगी नहीं की। 20 मई को आरोपी उसके घर पहुंचे और पांच लाख रुपये की फिरौती न देने पर अपहृत युवती की हत्या की धमकी देने लगे। इस मामले में ईकोटेक-3 पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। इसके बावजूद अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है और न ही युवती को बरामद किया गया है। पीड़ित पक्ष ने बिसरख पुलिस पर भी आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि युवती की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द युवती को बरामद कर लिया जाएगा।