हेडिंग: साधु बनकर किन्नर को चाकू मारा, लूटपाट
सेक्टर-122 में घर से दो लाख रुपये व जेवर ले गए
पुलिस ने किन्नरों का आपसी विवाद बताया
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-122 में बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे साधु बनकर ढोलक बजाते हुए आए बदमाशों ने घर में घुसकर किन्नर को चाकू मारकर घायल कर दिया और बदमाश दो लाख रुपये व जेवर लूटकर ले गए। किन्नर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार है।
कोतवाली फेज थ्री पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-122 स्थित एक घर में कई किन्नर रहते हैं। दोपहर में सिर्फ एक किन्नर घर पर था। इसी दौरान बदमाश साधु बनकर आए बदमाश ढोलक बजाते हुए दरवाजा खटखटाने लगे। दरवाजा खोलते ही बदमाश अंदर आ गए और पानी मांगने लगे। पानी के लिए जैसे ही किन्नर मुड़ा बदमाशों ने पीछे से डंडे से उस पर वार कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पेट में चाकू मारा और रुपये व जेवर लूटकर भाग गए। किन्नर के गुरु मुस्कान ने बताया कि घर में चारों तरफ सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे दो लाख रुपये और पांच तोले के जेवर गायब थे। वहीं, कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि यह किन्नरों के आपसी विवाद का मामला है। किन्नरों में इलाके को लेकर झगड़े में यह घटना हुई है। इसमें सोनू किन्नर का नाम सामने आ रहा है।