सेना के कर्नल से अभद्रता, केस दर्ज
- अंबाला से मैनपुरी दोस्त के घर जाते वक्त यमुना एक्सप्रेसवे स्थित सीएनजी पंप की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर। अंबाला मिलिट्री अस्पताल से रविवार दोपहर परिवार समेत मैनपुरी अपने दोस्त के घर जा रहे सेना के कर्नल से कुछ लोगों ने अभद्रता की। आरोपी कर्नल को मारने के लिए लाठी व रॉड भी लेकर पहुंचे। कर्नल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग गए।
कर्नल राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के साबोता कट के पास उन्होंने अपने ड्राइवर को सीएनजी भरवाने के लिए गाड़ी की लाइन में लगाने कहा। जैस ही उनकी गाड़ी पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए पहुंची। तभी तीन लोग अपनी गाड़ी लेकर बिना लाइन के उनके आगे पहुंचे गए। इस पर उन्होंने तीनों को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी भड़क गए और उन्होंने अपनी गाड़ी उनकी कार के सामने खड़ी कर अभद्रता करने लगे। कर्नल ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। कर्नल ने परिवार समेत कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी नरेंद्र निवासी नवाबपुर चंडौस अलीगढ़ को हिरासत में लिया है। जबकि उसके साथी गाड़ी लेकर फरार हो गए।