गढ़ी चौखंडी पुलिस चौकी में रविवार दोपहर बाद एक सिपाही ने सूरजपुर कोर्ट में वकील को थप्पड़ जड़ दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है।
गढ़ी चौखंडी निवासी वकील महेंद्र यादव और सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी बिल्डर के बीच विवाद चल रहा है। दोपहर में वकील इस सोसायटी को अवैध बताकर लोगों के बीच पर्ची बांट रहे थे। सोसायटी के लोगों ने पुलिस को इसकी शिकयत कर दी। पुलिसकर्मी वकील को पुलिस चौकी ले आए।
आरोप है कि यहां सिपाही विरेंद्र सिंह ने बहस के दौरान वकील को थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान वहां खड़े वकील के छोटे भाई ने घटना की वीडियो बना ली। वकील ने ट्विटर पर वीडियो को अपलोड करते हुए मामले की शिकायत यूपी पुलिस, डीजीपी, आईजी मेरठ और एसएसपी नोएडा से की। इसके बाद एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया। पीड़ित ने सिपाही के खिलाफ कोतवाली फेज 3 में मारपीट की एफआईआर कराने की बात कही है।
सिपाही विरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की जांच क्षेत्राधिकारी द्वितीय राजीव सिंह को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
- डॉ. अजयपाल शर्मा, एसएसपी