बस्ती संस्करण के लिए विशेष-
पड़ोसी युवक ने की थी दोनों सगी बहनों की हत्या, गिरफ्तार
बड़ी बहन से था अवैध संबंध, छोटी जाग गई तो दोनों को मार डाला
मोबाइल पर दूसरे प्रेमी की कॉल व चैटिंग देख पड़ोसी को आया था गुस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। गोसाईगंज थाना अंतर्गत एक विवाहिता व उसकी सगी छोटी बहन की हत्या का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में गिरफ्तार पड़ोसी युवक ने शादीशुदा प्रेमिका के दूसरे प्रेमी से संबंध का पता चलने और छोटी बहन के जाग जाने से दोनों को लोहे की कमानी से प्रहार कर जान लेने की बात कबूल की। उसने वारदात के बाद खून से लथपथ कपड़े को जला दिए थे, लेकिन हत्या में प्रयुक्त लोहे की कमानी व डंडा आदि तालाब से बरामद कराया।
एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि मामले में आरोपी मृतका मोनी के पड़ोसी युवक रवि वर्मा (19) को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि गोसाईंगंज अंतर्गत बोधीपुर मजरे गोसाई का पूरा के निवासी रामकृष्ण पांडेय के लड़के इंद्रमणि की शादी बस्ती जिले के दुबौलिया थाना अंतर्गत सरैया गांव निवासी संत राम की पुत्री मोनी (25) के साथ करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। महिला घर में अकेली रहती थी। उसका पति लुधियाना में मेहनत मजदूरी करता है। इस दौरान उसके पड़ोस में रहने वाली युवक से अवैध संबंध हो गए थे। आरोपी रवि वर्मा ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि 22/23 दिसंबर की रात करीब दो बजे पीछे के दरवाजे से वह युवती के घर गया। वह कमरे में लेटा था। इस दौरान उसने युवती के मोबाइल में उसके मायके के एक व्यक्ति से लंबी कॉल व चैटिंग देखी। इसको लेकर दोनों में वाद-विवाद होने लगा। उसने इसकी जानकारी उसके पति को देने की कही तो महिला ने शोर मचाकर गांववालों को बुलाने की धमकी दी। इससे नाराज होकर उसने पास रखे डंडे से उस पर वार कर दिया। इस पर वह वहां से भागी और दूसरे कमरे में सोई अपनी छोटी बहन को जगाने लगी। एक सप्ताह पूर्व उसकी छोटी बहन उसके पास आई थी। इस दौरान उसने गुस्से में कमरे में रखी लोहे की कमानी उठा ली और दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों बहनों की मौत हो गई।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी हत्या करने के बाद अपने घर जा रहा था, तभी घर के बगल रहने वाली बुजुर्ग महिला रामसंवारी ने उसे देख लिया और पूछा कहां से आ रहे हो तो उसने कहा खेत से सांड़ भगाकर आ रहा हूं। उसने बुजुर्ग महिला से अलाव जलाने के लिए माचिस मांगी और अपने घर गया, वहां से जग में मिट्टी का तेल लाकर खून से सने अपने कपड़ों को जला दिया। इसके बाद हत्या में प्रयुक्त लोहे की कमानी व डंडा गांव के तालाब में फेंक दिया। बताया कि जांच के दौरान बुजुर्ग महिला के बयान के आधार पर जब रवि से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी की शिनाख्त पर हत्या में प्रयुक्त डंडा, लोहे की कमानी आदि बरामद कर लिया गया। बताया कि हत्या का खुलासा करने में एसपी ग्रामीण संजय कुमार, सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम, एसओ गोसाईंगंज सुरेश पांडेय व उनकी टीम की सराहना की व टीम को 25 हजार का इनाम देने की भी घोषणा की।