आगरा फिरोजाबाद के ध्यानार्थ
--------------
हेडिंग: गैंगस्टर अनिल और साथी की हत्या में दो शूटर गिरफ्तार
सबहेड: खनन का ठेका दिलाने के बहाने फिरोजाबाद से बुलाकर मारी गई थी गोलियां
हत्या के पीछे रंजिश, मुख्य आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
गिरफ्तार दोनों बदमाशों को मिलने थे डेढ़ लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। शहर में बालू खनन का ठेका दिलाने के बहाने बुलाकर गैंगस्टर अनिल व हरिराज की हत्या मामले में शनिवार को पुलिस ने गोली मारने वाले दो शूटर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शूटर अनिल के दुश्मन भोलई के लिए काम करते हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल बाइक, पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। अभी मुख्य आरोपी भोलई फरार है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को सेक्टर-46 गार्डन गैलेरिया सोसाइटी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने फिरोजाबाद के गैंगस्टर अनिल और उसके दोस्त हरिनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इनका तीसरा साथी कर्मवीर बच गया था। एसपी सिटी सुधा सिंह ने बताया कि अनिल व भोलई के बीच दस वर्ष से रंजिश चली आ रही थी। भोलई ने अनिल की हत्या की साजिश रची। इसके तहत भोलई की तरफ से बंटू ने अनिल को फोन किया और नोएडा में खनन का ठेका दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए अनिल दोस्तों के साथ 5 दिसंबर को फिरोजाबाद से टेंपू पकड़कर आगरा पहुंचा। वहां से तीनों बस से मथुरा होते हुए नोएडा पहुंचे। यहां तीनों सेक्टर-46 की तरफ जा रहे थे कि अनिल व हरिनाथ को गोली मार दी गई। मामले में सिरसागंज, फिरोजाबाद निवासी सूरज और प्रेम प्रभाकर को कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने इलाके से गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बदले दोनों को डेढ़ लाख रुपये दिए जाने थे।