झपटमारी में दो नाबालिगों समेत तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली। मध्य जिले की आनंद पर्वत थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाले दो नाबालिग समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीने गए 25 सौ रुपये की नकदी बरामद की। बदमाश की पहचान आनंद पर्वत निवासी करण (19) के रूप में हुई है। जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि 31 जुलाई को आनंद पर्वत थाना पुलिस को झपटमारी की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह आनंद पर्वत के मिलिस्ट्री रोड के पास खड़ा था। इसी दौरान तीन व्यक्ति उसके पास आए और उससे पांच हजार रुपये की नकदी छीनकर भाग गए। शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में बदमाशों की पहचान हो गई। इसके बाद मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। संवाद
-
नाबालिग समेत तीन बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली। मध्य जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के सरगना और एक नाबालिग समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश वाहन चोरों को एक हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से बाइक और स्कूटी किराए पर देता था। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो बाइक, तीन स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि बदमाशों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी गिरोह के सरगना विवेक उर्फ सनी (21) और टाटा निवासी मोहम्मद समीर (24) के रूप में हुई है। बदमाश समीर पर 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। संवाद
चोरी के वाहन के साथ एक दबोचा
पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले की पुलिस ने चोरी के वाहन के साथ एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के पांच वाहन बरामद किए हैं। बदमाश की पहचान काशिफ के रूप में हुई है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के अनुसार, जिले में वाहन चोरी की रोकथाम के लिए एक टीम का गठन किया गया था। इसके के लिए टीम जिले में आने-जाने वाली गाड़ियों पर सीसीटीवी कैमरे की मदद से निगरानी कर रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन चोर जाफराबाद स्थित नाला रोड के पास चोरी के वाहन से आने वाला है। पुलिस ने सूचना के आधार पर इलाके में जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसकी निशानदेही पर नंद नगरी, न्यू उस्मानपुर, फ्रश बाजार और भलस्वा डेयरी से एक स्कूटी और तीन बाइक बरामद की हैं। वहीं, पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के पांच मामले सुलझाने का दावा किया है। संवाद
हथियार लेकर घूम रहे दो बदमाश धरे
पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला की वेलकम थाना पुलिस ने वारदात की नियत से हथियार लेकर घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल और दस कारतूस बरामद किए हैं। बदमाशों की पहचान वेलकम निवासी अरमान उर्फ टिक्का और विश्वास नगर निवासी जहीर उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के अनुसार, अरमान पर पहले से हत्या सहित अन्य तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। जहीर पर पहले से ही आर्म्स एक्ट सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। संवाद