नगीना। शनिवार देर रात नांगल मुबारिकपुर गांव में आरटीआई कार्यकर्ता जुबेर पर मारपीट और अन्य वारदात को लेकर पुलिस विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। जुबेर ने पंचायत द्वारा जेसीबी से मिट्टी उठाने एवं अवैध खनन को लेकर शिकायत की थी। सोमवार को पीड़ित ने फिरोजपुर झिरका के डीएसपी को एक लिखित शिकायत के अलावा डीसी व अन्य अधिकारियों को शिकायत दी। वहीं नांगल मुबारिकपुर गांव के सरपंच के भाई दिलदार का आरोप है कि शिकायतकर्ता जुबेर के साथ गाली गलौज हुई हैं। फायरिंग और लूटपाट के आरोप बेबुनियाद है। सरपंच के भाई का आरोप है कि फरवरी में पंचायती विभाग ने हमसे चार्ज ले लिया था। हम कोई भी मनरेगा या अन्य योजना का कार्य नहीं कर रहे हैं। पूर्व में जिला परिषद सीईओ, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी व अन्य अधिकारियों ने उनकी शिकायतों की जांच की थी।
आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. जुबेर का कहना है कि सरपंच और उसके भाई के आरोप निराधार हैं। वह जेसीबी से काम करा रहा था। इसके पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने कहा कि उसके साथ मारपीट, फायरिंग और लूट हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि नांगल मुबारिकपुर गांव के सरपंच के खिलाफ हरियाणा लोकायुक्त व एजेंसी भी भ्रष्टाचार की जांच कर रही हैं। करीब 40 लाख रुपये से ज्यादा का गबन ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में किया हुआ है। सरपंच व उसके परिवार ने जिला प्रशासन और सरकार को गुमराह किया है। जिला प्रशासन को इस मामले में कठोर कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द सरपंच व अन्य की गिरफ्तारी करनी चाहिए। फिरोजपुर झिरका के डीएसपी चंद्रपाल बिश्नोई का कहना है कि पीड़ित आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. जुबेर ने शिकायत दी है जिस पर जांच के आदेश दिए हैं। जल्द केस दर्ज होगा।
कैप्शनऱ् आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. जुबेर व सरपंच का भाई दिलदार उर्फ बिल्ला।