नूंह/पुन्हाना। पुन्हाना सिटी थाना क्षेत्र में ट्रक मार्केट के समीप खेतों में 45 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शनिवार अल सुबह खून से लथपथ शव देखकर इलाके में सनसनी फैल ग्रई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुन्हाना पुलिस जांच में जुट गई। अल सुबह खेतों पर सैर के लिए निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। लोगों के मुताबिक धारदार हथियार से गर्दन पर वार किया गया है। सुबह 8 बजे पहुंची पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिछौर निवासी रज्जाक के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटा कर परिजनों को सूचना दी। वह शुक्रवार की रात अपने घर समय से पहुंचा था लेकिन वह घर से कब निकला इसकी कोई सूचना परिजनों को नहीं है। घटना अल सुबह तकरीबन 4 से 5 बजे की बताई जा रही है। वहीं मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक सप्ताह के अंदर हुई दूसरी हत्या को लेकर आसपास के लोगों में दह्र्रशत का माहौल है। घटनास्थल पर डीएसपी शमशेर सिंह फोरेसिस टीम के साथ पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अल आफिया मांडीखेड़ा अस्पताल भेज दिया है।
पुन्हाना सिटी चौकी प्रभारी हरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। रिपोर्ट आना बाकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। मृतक की पत्नी हमसीरा की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जल्द ही आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फोटो ऱ् घटना के बाद मौके पर जमा लोगों की भीड़।