तावडू। उपमंडल के गांव चिलावली में पैरोल पर आए अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने 12 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैै। सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि सभी हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जायेगा।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि उपमंडल के गांव पचगांवा, चिलावली, चाहालका, डालावास, ग्वारका, निवासी वांछित अपराधी दाउद, नियामत, मुल्ला, इकबाल, रशीद व असहर पर भिवानी जिले के तोशाम थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। ये अपराधी भी काफी समय से फरार हैं। वहीं शुक्रवार को भिवानी हरियाणा पुलिस से फरार चल रहे वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए उपमंडल में पहुंची थी। पुलिस ने अपराधी दाउद को उसके गांव से काबू कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अपराधी जोर-जोर से चिल्लाने लगा। जिसके बाद जर्रा उर्फ हाकम ने अवैध हथियार से पुलिस पर सीधा हमला कर दिया। अन्य आरोपियों ने रास्ता घेरकर व पत्थरों से पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सिपाही भूपेंद्र, दीपक व अभिमन्यु घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने आरोपी दाउद, जर्रा, अब्दुल अजीज, राशिद, भालू, इमरान, इरशाद, सद्दाम, याकूब, आसू, हाकम व सलीमू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।