नूंह। केंद्र व प्रदेश सरकार कोरोना काल में आमजन को राहत देने के लिए हर माह दोगुना राशन दे रही है वहीं नूंह में डिपो होल्डर द्वारा लगातार राशन बांटने में गड़बड़ी करने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों ने सीएम विंडो में शिकायत कर राशन मुहैया कराने की मंाग की। शहरवासी अब्दुल मजीद, हामिद सिद्विकी, साजिद, संजय, इकबाल, अहमद, अकरम, इशान अली, धीरज, चमन गर्ग, बीर सिंह, सहाबूदीन, नसीम, युनुस व शहाबुद्दीन ने बताया कि उनको सरकार की पीएमजीकेवाई योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। महामारी के चलते हर व्यक्ति को सरकार ने आगामी नंवबर माह तक अतिरिक्त प्रति व्यक्ति को 5 किलो गेंहू देना सुनिश्चित किया है। मई माह का राशन तो मिल गया लेकिन डिपो होल्डर अलग से मिलने वाला 5 किलो प्रति व्यक्ति राशन को नहीं दिया है।
नूंह के वार्ड नं 12,13, 4 व 9 के लोगों ने डिपो होल्डर गोपाल माथुर राजकुमार, मनीष कुमार व रोशन आदि के खिलाफ 22 जून को सीएम विंडो व उपायुक्त को हलफनामा देकर आरोप लगाया है कि डिपो होल्डरों ने मई का पीएमजीकेवाई स्कीम का लाभ प्रति व्यक्ति 5 किलो राशन नहीं दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिपो होल्डर मशीन से रसीद ना देकर केवल कागज पर गेंहू, चीनी आदि लिखकर दे देते हैं और दूर गोदाम से राशन लेने जाना पड़ता है। उन्होंने डिपो होल्डरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मंाग की हैं।
उन्होंने बताया कि शहर के कई डिपो होल्डरों के लाइसेंस को विभाग द्वारा खानापूर्ति के लिए रद्द किया जाता है।
इस बारे में खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर वसीम ने बताया कि शहर के लोगों की शिकायत पर इस मामले में कमेटी गठित की गई है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।